कानपुर देहात। गौरीकरन व मलासा फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति गड़बड़ चल रही है। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोग आजिज हैं। वहीं वोल्टेज कम ज्यादा होने की समस्या बनी है। शिकायत होने पर अब एक्सईएन ने एसडीओ व जेई से रिपोर्ट मांगी है।
पुखरायां खंड के मुतैहरापुर उपकेंद्र के मलासा फीडर से छह से अधिक गांव जुड़े हैं। इन गांवों की बिजली आपूर्ति 15 दिन से गड़बड़ है। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है। सत्यम ने बताया कि बुधवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। बीते 15 दिन में ऐसा चार बार हो चुका है।
इधर राजपुर के गौरीकरन में बिजली आपूर्ति की गड़बड़ी सुधर नहीं रही है। जिला पंचायत सदस्य अनुराग दिवाकर ने बताया कि तार जर्जर हैं। 100 केवी ट्रांसफार्मर से वोल्टेज कम ज्यादा आने की दिक्कत से लोग परेशान हैं। बिजली के उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। एक्सईएन आलोेक प्रकाश ने बताया कि गौरीकरन में बिजली आपूर्ति की दिक्कत पर एसडीओ सिकंदरा से रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं मलासा फीडर की बिजली आपूर्ति की दिक्कत दूर करने के लिए मुतैहरापुर के जेई अजय कुमार को पेड़ों की टहनियां कटवाने और लाइन की पेट्रोलिंग कर समस्या समाधान कराकर अवगत कराने को कहा है।