कानपुर। त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को छापामारी कर 5.81 लाख के खाद्य पदार्थ सीज और नष्ट कराए। खराब गुणवत्ता का खोया, पनीर और नकली मावा नष्ट कराया गया। वहीं 66 हजार रुपये का मिलावटी तेल सीज किया। इस दाैरान टीम ने करीब 11 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि टीम ने भंडारण गोदामों, मिठाई प्रतिष्ठानों, अस्थायी भट्ठियों और मंडियों पर छापामारी की। टीम ने बर्रा-8 स्थित जय मां वैष्णो खोया भंडार से गंदगी के बीच तैयार किया जा रहा करीब 30,000 रुपये का 100 किलो खराब गुणवत्ता का खोया नष्ट कराया। भीतरगांव और चिस्तीनगर (चकेरी) से 66,840 रुपये का 403 लीटर खाद्य तेल मिलावट के संदेह में सीज किया। भौंती मोड़ और टिकरा गांव में जालौन और कानपुर देहात से लाया गया 3.78 लाख रुपये का 1050 किलोग्राम नकली मावा नष्ट कराया गया। हरजेंद्रनगर और रामादेवी चौराहा पर उन्नाव से लाया गया 1.06 लाख रुपये का खराब गुणवत्ता का 410 किलो पनीर नष्ट कराया गया।