कानपुर। भारी बारिश से सीसामऊ नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे खलासी लाइन, अहिराना, ग्वालटोली के सैकड़ों घरों में गंदा पानी भर गया। जलभराव के चलते जूही खलवा पुल बंद हो गया। वीआईपी रोड पर पानी भरने से नाला सफाई अभियान की पोल खुल गई। यहां पूरे दिन यातायात बाधित रहा।
जूही पुल का पानी लक्ष्मीपुरवा मलिन बस्ती एवं शक्कर मिल खलवा के घरों में घुस गया। लक्ष्मीपुरवा की सियादुलारी, केतकी, रामसेवक आदि ने बताया कि गृहस्थी के सामान और कपड़े भीग गए। बर्तन उतराने लगे। अहिल्या बाई होल्कर नगर (पनकी) के एमके सिंह ने भी मोहल्ले के तमाम घरों में गंदा पानी घुसने की बात बताई। आरटीओ आफिस रोड पर करीब एक फीट पानी भरने से यातायात घंटों प्रभावित रहा। उधर, साउथ के साकेत नगर, किदवई नगर बर्रा, कर्रही, नौबस्ता के कई मोहल्लों में जलभराव से लोग परेशान रहे।
साउथ सिटी की सड़कें जलमग्न हुईं
कानपुर साउथ (ब्यूरो)। बर्रा, नौबस्ता, दामोदर नगर, कर्रही, जरौली, खाड़ेपुर, मछरिया, संजय गांधी नगर, राजीव नगर, गोपाल नगर आदि मोहल्लों में लोगों ने खुद नालियां बनाकर पानी निकासी का रास्ता बनाया। बाबूपुरवा की एनएलसी कालोनी में सड़क और फुटपाथ का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन नालियां न बनाए जाने से बारिश का पानी घरों में घुस गया। लाल कालोनी, एच ब्लाॅक, किदवई नगर दस दुकान, बाकरगंज, बेगमपुरवा, बगाही, साकेत नगर दीप सिनेमा रोड, किदवई नगर में जलभराव के चलते वाहन सवार परेशान रहे। लोग पानी में बंद वाहनों को खींचते दिखाई दिए। साउथ सिटी के बर्रा और नौबस्ता में सीवर, वॉटर लाइन और गैस लाइन डालने का काम चल रहा है। सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। बारिश के बाद यहां फिसलन के कारण लोगों को दिक्कत हुई।
a सिग्नल, ट्रैक पर भरा पानी, ट्रेनें रुकीं
कानपुर (ब्यूरो)। शुक्लागंज के पास बारिश के चलते सिग्नल में आई खराबी के कारण कानपुर-लखनऊ रूट बाधित रहा। पुष्पक समेत दो मालगाड़ी और दो मेमू ट्रेनें तीस मिनट से डेढ़ घंटे तक देरी से चली। लखनऊ क्रासिंग के पास भी ट्रैक में पानी भर जाने से ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। इसके अलावा उद्यान आभा एक्सप्रेस 6 घंटे, नीलांचल 3, मुरी 4, कालका मेल 3, सियालदह एक्सप्रेस 3, हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट रही। प्लेटफार्म एक, तीन और चार पर सुरंग वाले रास्ते में पानी भरा रहा। गार्ड रूम में भी पानी भर गया। मालगोदाम में सीमेंट की कुछ बोरियां भीग गईं।
a उर्सला में घुसा पानी
कानपुर (ब्यूरो)। बारिश का पानी उर्सला इमरजेंसी और वार्ड नंबर तीन व चार में घुस गया। इससे मरीजों के साथ डॉक्टरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उर्सला के सीएमएस डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि मरीजों के इलाज में कोई दिक्कत नहीं हुई। बाद में सफाई करा दी गई।
a हैलट की छत टपकी
कानपुर (ब्यूरो)। बुधवार को सुबह से हुई झमाझम बारिश से हैलट ओपीडी और कई वार्डों की छतों से पानी टपकने लगा। जानकारी पर एसआईसी प्रो. आरसी गुप्ता ने निरीक्षण कर छतों की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ज्यादा बारिश होने पर इस तरह की समस्या आती है। शासन से कुछ बजट मिला है। इससे छतों पर काम कराया जाएगा।