समाजवादी पेंशन के नाम पर वसूली का शिकार हुई महिलाओं ने सामाज कल्याण अधिकारी से की शिकायत।
- फोटो : amarujala
कानपुर। गुरुओं की गलती का खामियाजा सात हजार स्टूडेंट भुगत रहे हैं। समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन में गलत फीडिंग के कारण यह हुआ है। मंगलवार को कुछ छात्रों ने विकास भवन में हंगामा िकया।
छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के आवेदन कॉलेजों से संबंधित अधिकारियों के पास जाते हैं। वहां से आवेदनों की जांच के बाद इन्हें समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में भेजा जाता है। समाज कल्याण अधिकारी आवेदन की जांच कर शासन को भेजते हैं। शासन से छात्रों के खाते में रुपये भेजे जाते हैं। कई कॉलेजों ने छात्रों का अपूर्ण डाटा फारवर्ड कर दिया है। संबंधित अधिकारियों के कार्यालय से भी यह डाटा फारवर्ड हो गया। अब इनको छात्रवृत्ति मिलने में मुश्किल होगी।
समाज कल्याण अधिकारी अलख निरंजन मिश्रा ने कहा कि कॉलेजों की ओर से अधूरी जानकारी देने के कारण यह परेेशानी हुई है। शासन को अवगत करा दिया गया है। जो भी निर्णय होंगे वह शासन से ही होंगे।
समाजवादी पेंशन के नाम पर वसूली
कानपुर (ब्यूरो)। समाज कल्याण कार्यालय पहुंची कई महिलाओं और युवतियों ने समाजवादी पेंशन दिलाने के नाम पर वसूली की शिकायत की। इस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अलख निरंजन मिश्रा ने कहा कि सर्वे के नाम पर वसूली करने वाले लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस तरह के लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मंगलवार को बाबूपुरवा की नौशीन, जूही की निशा, किदवई नगर की प्रेमलता आदि ने बताया कि बेस लाइन सर्वे के नाम पर उनसे 500-500 रुपये वसूले गए। अब तक सूची में नाम तक शामिल नहीं हो पाया है।