कानपुर। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन, बिजली आपूर्ति, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था की समस्याएं रखीं। फीटा महामंत्री उमंग अग्रवाल फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में कूड़ा, मिट्टी और टूटी नालियों की फोटो उद्यमी ने दिखाई। मंडलायुक्त ने समस्या निस्तारण के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के संबंध में जल निगम ने बताया कि दादा नगर और अपट्रान औद्योगिक क्षेत्रों को अमृत योजना में शामिल किया जा रहा है। हालांकि औद्योगिक उत्सर्जन से कठिनाई हो रही है। इस्पातनगर में ग्रामीण नाले से जोड़कर उत्सर्जन को एसटीपी के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा। इस कार्य में लगभग दो साल लगेंगे। यूपीसीडा के टेक्सटाइल जोन में अनूप अग्रवाल को आवंटित भूमि पर हुए अतिक्रमण को पुलिस बल की मदद से खाली कराने के निर्देश दिए गए। फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में एक साल से लंबित सीवर लाइन कार्य को 15 दिन में पूरा करने का आश्वासन जलकल अधिकारियों ने दिया।
दादानगर में नया सबस्टेशन बनाने के लिए उपकेंद्र को उच्चीकृत कर 20 एमवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। एलएमएल चौराहा पनकी से भौंती बाईपास तक ग्रीन बेल्ट बनाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश केडीए को दिए गए। यह कार्य मार्च तक पूरा हो जाएगा। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या और लोगों के बीमार पड़ने की बात बताई गई। इस पर मंडलायुक्त ने समस्या समाधान के निर्देश दिए। पनकी से विजयनगर और रामा देवी तक पिंक बस चलाने की मांग पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने घाटे का हवाला दिया। दादानगर पुल के नीचे सड़क निर्माण के लिए अनुमति मांगी गई। पनकी अग्निशमन केंद्र को पूरा करने के लिए शासन की ओर धनराशि स्वीकृत होने पर उद्यमियों ने खुशी जताई। फजलगंज में सुबह सात बजे से रात नाै बजे तक वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक के संबंध में अफसरों और उद्यमियों के साथ संयुक्त सर्वे कर समाधान निकालने का आदेश दिया गया। बैठक में बताया गया कि इस्पात नगर क्षेत्र में भू-उपयोग परिवर्तन के मामले में मुख्यमंत्री ने औद्योगिक भूमि के रूप में संशोधन की सहमति दी है। कई आवंटियों द्वारा उद्योग न लगाने पर भूमि आवंटन निरस्त करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्टांप ड्यूटी वापसी में आ रही दिक्कतों पर एआईजी स्टांप से स्पष्ट जवाब न मिलने पर 15 दिन में इंवेस्ट यूपी से नया आदेश मंगवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निदेशक कानपुर प्राणी उद्यान ने पुराने उद्यान के विकास कार्यों और जानवरों को गोद लेने की योजना पर एक प्रस्तुति दी। इस मौके पर मनोज बंका, शिवकुमार गुप्ता, बृजेश अवस्थी, सतीश प्रकाश, आलोक अग्रवाल, लाडली प्रसाद, अंकुर अंशवानी आदि थे।