कानपुर। विकासखंड बिधनू की ग्राम पंचायत हरबसपुर में सरकारी धन से कराए जा रहे नाली निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही नाली में बेहद घटिया और पीली ईंटों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा। ग्रामीण का विरोध बढ़ता देख मजदूरों ने काम रोक दिया। घटिया गुणवत्ता से बनाई जा रही नाली वायरल वीडियो जब अधिकारियों के पास पहुंचा तो उसपर जांच बैठ गई। बिधनू खंड विकास अधिकारी आशीष मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्य से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर मिला है। एडीओ पंचायत और इंजीनियर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि निर्माण कार्य मानकों के विपरीत पाया गया तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद