कानपुर। पार्क में खुले घूम रहे पालतू कुत्ते ने कक्षा छह के छात्र को 13 जगह काट लिया। छात्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे दोस्तों ने लोगों की मदद से कुत्ते को भगाया। खास बात यह है कि इस दौरान कुत्ते को टहलाने लाई युवती इस दौरान मोबाइल पर बात करने में व्यस्त रही। परिजनों ने छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पिता ने कुत्ते के मालिक व युवती के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाबूपुरवा कालोनी निवासी अमित कुमार मिश्रा प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी रश्मि और दो बेटे हैं। बड़ा बेआ यूपी किराना स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। घर के पीछे दुर्गा पूजा पार्क है। वहां मोहल्ले के बच्चे क्रिकेट, फुटबाॅल खेलते है। शनिवार शाम बेटा भी दोस्तों के साथ पार्क में खेल रहा था। इस दौरान पार्क के सामने रहने वाले आशीष कुमार की बेटी कोमल पालतू कुत्ते को लेकर पार्क में टहलाने आई। पार्क के अंदर आने के बाद कोमल ने कुत्ते की रस्सी खोलकर उसे छोड़ दिया और खुद एक किनारे खड़ी होकर मोबाइल पर बात करने लगी। इस बीच कुत्ते ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। उसे गिरा कर पैरों और हाथों में 13 जगह काटा। वह मदद के लिए रोता और चिल्लाता रहा। इसके बावजूद कोमल ने कुत्ते को नहीं पकड़ा और मोबाइल पर बातें करती रही। खेल रहे बच्चों ने पार्क के बाहर से गुजर रहे लोगों और मोहल्ले वालों से मदद मांगी। इसके बाद लोगों ने कुत्ते को भगाकर बेटे की जान बचाई। बाबूपुरवा इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि कुत्ते के मालिक व उनकी बेटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की गई है। घटना के बारे में जांच की गई है।