छिबरामऊ। विशुनगढ़ में 21 अक्तूबर को पटाखे की दुकान लगाने को लेकर बाथम समाज व खटिक समाज के लोग आमने सामने आ गए थे। बाथम समाज के समर्थन में पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि को खटिक समाज के लोगों ने पीट दिया था। साथ ही 10 हजार रुपये व रिवाल्वर छीन ली थी। इसके बाद खटिक समाज के लोगों ने प्रधान प्रतिनिधि व उनके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विधायक अर्चना पांडेय ने रविवार को दोनों पक्षों के साथ बैठ कर वार्ता के बाद समझौता करा दिया।
मोहल्ला बजरिया स्थित विधायक आवास पर वार्ता के दोनों पक्षों में आपसी सहमति बनने के बाद समझौता हुआ। पहले पक्ष के दिलीप खटिक ने बताया कि भविष्य में उनके समाज के खिलाफ वारदात न न होने पर वह प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस ले लेंगे। वहीं, अखिलेश राजपूत ने भी भविष्य में खटिक समाज के युवकों पर कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा नेता रामबख्श सिंह लोधी, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत, गौरव शाक्य आदि मौजूद रहे।
21 अक्तूबर को हुआ था विवाद
21 अक्तूबर को रामलीला मैदान में सजे बाजार में पटाखे की दुकान सजाने को लेकर बाथम व खटिक समाज के युवक आमने-सामने आ गए थे। बाथम समाज के समर्थन में पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत को खटिक समाज के युवकों ने घेर कर पीटने के साथ ही जेब में पड़े 10 हजार रुपये व रिवाल्वर छीन लिए थे। बाद में अखिलेश के समर्थकों ने खटिक समाज के युवकों की पिटाई कर दी थी। पुलिस ने खटिक समाज के नीलू यादव की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि समेत उनके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। साथ ही प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ थाने के एसआई हृदयराज ने भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि समेत 13 लोगों के खिलाफ दोनों पक्षों से 13 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका के तहत कार्रवाई की थी।