मूसानगर। शारदीय नवरात्र नजदीक आते ही नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बनने लगा है। पर्व को लेकर प्रमुख देवी मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन और भव्य सजावट का काम तेजी से शुरू हो गया है। नगर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ माता मुक्तेश्वरी मंदिर में नवरात्र की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर की मुकम्मल सफाई के साथ-साथ आकर्षक रंग-रोगन और विशेष सजावट की जा रही है। साथ ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर समिति के अध्यक्ष महेंद्र तिवारी ने बताया कि नवरात्र के पूरे 10 दिनों तक माता रानी का प्रतिदिन भव्य शृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए व्यवस्थित दर्शन और प्रसाद वितरण का विशेष प्रबंध रहेगा। ऐतिहासिक देवयानी सरोवर स्थित काली देवी मंदिर में भी तैयारियों का दौर जारी है। मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए समिति के सदस्य लगातार मेहनत कर रहे हैं। (संवाद)