कानपुर। उर्सला में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में गठित कमेटी ने मंगलवार को जांच शुरू कर दी है। कमेटी के अनुसार महिला की उम्र करीब 70 साल थी और वह कई बीमारियों से पीड़ित थीं। मामले में जांच कर रिपोर्ट तीन दिन में सौंप दी जाएगी।
उर्सला अस्पताल में शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी रोगियों का हालचाल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान बुजुर्ग मरीज के परिजनों ने अस्पताल के ईएमओ डॉ. सर्वज्ञ भट्ट और दो स्टाफ नर्स पर इलाज में लापरवाही, रोगी से डस्टबिन मंगाने, गलत व्यवहार करने जैसी शिकायतें की थीं। इसके अगले दिन बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इस पर परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाकर डीएम से मामले की शिकायत की। जिस पर डीएम ने अस्पताल के निदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई। डॉ. शैलेंद्र दीक्षित की अध्यक्षता में बनीं कमेटी में डॉ. मुन्नालाल विश्वकर्मा और डॉ. वीर सिंह शामिल हैं। टीम ने मंगलवार को अस्पताल में जांच की। निदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल से तीनों स्टाफ को हटा दिया है। सीएमओ को संस्तुति भी भेजी जा चुकी है। पूरे मामले की कमेटी जांच कर रही है। (संवाद)