जसवंतनगर। मैनपुरी में छात्रा गोली कांड को लेकर जसवंतनगर सीओ ने सोमवार को सुबह छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसी के परेशान होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सोमवार सुबह से ही सीओ आयुषी और थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ अराजकतत्वों, शोहदों और संदिग्धों की तलाश के लिए नगर के कॉलेज स्कूलों व प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।
सीओ आयुषी सिंह स्वयं हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,चौ. सुघर सिंह कॉलेज,सेंट पीटर्स कॉलेज के गेट पर स्कूल पहुंचने वाली छात्राओं और रास्ते में सड़क मार्ग पर स्कूल और कोचिंग आ रही छात्राओं से बातचीत की। सीओ ने छात्राओं से किसी भी परेशानी या किसी के परेशान किए जाने के बारे में पूछा। साथ ही कहा कि अगर कभी भी कोई भी परेशानी हो या किसी के आपके प्रति व्यवहार में संदिग्धता दिखे तो तुरंत ही थाने में सूचित करें।
विषम परिस्थिति में महिला इमरजेंसी सहायता नंबर 1090 हमेशा याद रखें, ताकि आपको जल्द से जल्द सहायता दी जा सके। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने सड़क और कॉलेज के बाहर से गुजर रहे बाइक सवार युवकों की गहनता जांच की। सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि नगर व क्षेत्र के ऐसे कॉलेज जहां छात्राएं पढ़तीं हैं। वहां कॉलेज प्रारंभ और समापन के समय सिविल ड्रेस में अराजक तत्वों व शोहदों पर पुलिस की निरंतर निगरानी रहेगी।