कानपुर। यातायात प्रबंधन और जाम को रोकने के लिए कोतवाली, बादशाहीनाका और घंटाघर चौराहे के पास बंद रूट को खोला जाएगा। यह निर्णय मंगलवार शाम डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने व्यापारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण के बाद लिया। सबसे बड़ी समस्या टाटमिल चौराहे और झकरकटी बस अड्डे के बाहर लखनऊ, झांसी और प्रयागराज जाने वाली बसों की वजह से मिली। इसको नियंत्रित कराने के लिए बस अड्डे से घूमकर आने वाली सड़क को ठीक कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखने पर सहमति बनी है।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को कोतवाली, बादशाहीनाका, मूलगंज, नयागंज, घंटाघर, टाटमिल चौराहा, झकरकटी बस अड्डे का निरीक्षण किया गया। यहां पर आ रही जाम की समस्याओं को देखा। पूर्व की व्यवस्था और बाद में किए गए कार्यों पर विचार विमर्श हुआ। व्यापारियों से बातचीत के बाद कई रूट पर प्लानिंग हुई है। यह अभी प्रयोगात्मक तौर पर किया जाएगा। इसकी व्यवस्था बेहतर मिलने पर स्थायी रूप से लागू किया जाएगा। एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह, एसीपी ट्रैफिक आईपी सिंह, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल वहीद, सुनील राठौर समेत अन्य मौजूद रहे।
यह की गई व्यवस्था
- कोतवाली से बड़ा चौराहा जाने वाली रोड पर लगाए गए बैरिकेड हटाए जाएंगे।
- बादशाहीनाका के पास जनरलगंज बाजार जाने वाले कट फिर से खोला जाएगा।
- घंटाघर चौराहे पर बनी पुलिस चौकी व मंदिर के बगल से गए रूट को स्थायी तौर पर खोला जाएगा।
- झकरकटी पुल पर जाम से बचाने के लिए रोडवेज बसों को पुल पर न खड़ा करने के निर्देश दिए।
- फूलबाग फलमंडी के पास से वनवे करने की प्लानिंग पर विचार विमर्श जारी।
- मूलगंज, बादशाहीनाका, नयागंज, बिरहाना रोड पर अतिक्रमण हटाने पर जोर।