कानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत 2026 के लिए प्रत्याशियों के नामांकन, जमानत और खर्च की राशि तय कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम कुछ समय बाद घोषित किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, ग्राम प्रधान के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को 3,000 रुपये जमानत राशि और 1,25,000 रुपये तक खर्च की सीमा तय की गई है। आरक्षित वर्ग के लिए जमानत राशि 1,500 रुपये तय की गई है। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी सात लाख रुपये खर्च कर सकेंगे।
इसी तरह क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए व्यय सीमा एक लाख रुपये और जिला पंचायत सदस्य के लिए 2,50,000 रुपये रखी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नामांकन पत्र केवल निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे और जमानत राशि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को ही जमा करनी होगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र 200 रुपये, जमानत राशि 800 रुपये और व्यय सीमा 10,000 रुपये, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा महिला प्रत्याशियों के लिए यह 100, 400 और 10,000 रुपये होगी। क्षेत्र पंचायत प्रमुख के लिए यह सीमा 3,50,000 रुपये तय की गई है।