इटावा। परिवहन निगम ने महाकुंभ स्नान को लेकर ग्रामीण अंचलों के श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा शुरू की है। अगर किसी गांव में गंगा स्नान के लिए कम से कम 45 श्रद्धालु हो जाते हैं तो रोडवेज की बस उन्हें लेने सीधे गांव पहुंचेगी। यहां से सभी यात्रियों को लेकर प्रयागराज लेकर जाएगी और स्नान कराने के बाद उन्हें सीधे लाकर गांव तक छोड़ेगी।
इटावा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि महाकुंभ को लेकर 22 जनवरी से सात फरवरी तक सीधे प्रयागराज के लिए बसें चलेगी। इसमें इटावा डिपो से कुल 66 बसें अप-डाउन करेंगी। बसों में भक्ति गीत बजाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में रामधुन समेत अन्य भक्त गीत बजाए जाएंगे।