फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: आरपीएफ थाने के बाहर कार में मिला सीआरपीएफ इंस्पेक्टर का शव

विज्ञापन
निर्मल। - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
कानपुर। सेंट्रल स्टेशन के कैंट साइड आरपीएफ थाने के सामने पार्किंग में कार में शुक्रवार शाम सीआरपीएफ इंस्पेक्टर निर्मल उपाध्याय का शव मिला। शव ड्राइविंग सीट के बगल वाली सीट पर था। उनके चेहरे व गले पर चोट और हाथ पर जले के निशान मिले हैं। कार में नींद की दवा भी मिली है। निर्मल की पत्नी राशि ने बताया कि डॉक्टर ने यह दवाएं लिखी थीं लेकिन अब वह इनका सेवन नहीं कर रहे थे। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन


साकेतनगर निवासी पत्नी राशि ने बताया कि 27 नवंबर 2023 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ बेहटा निवासी निर्मल उपाध्याय (38) से शादी हुई थी। वह जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 83 बटालियन सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर थे। वह शराब के लती थे। इस लिए अक्सर विवाद होता था। इस विवाद के कारण मायके में रह रही थी। लिवर सिरोसिस का इलाज चल रहा था। करीब 12 दिन पहले उन्हें इलाज के लिए छुट्टी देकर भेजा गया था। वह सीधे कानपुर आ गए थे। यहीं साथ में ही रह रहे थे। गुरुवार रात में शराब के नशे में मारपीट की थी। शुक्रवार को उन्हें शताब्दी एक्सप्रेस से विभागीय कार्य से दिल्ली जाना था। यहां किराये पर रहने वाले संजय चौहान के साथ अपनी काले रंग की हेक्टर कार 23बीएच-3881एल निकले। कानपुर सेंट्रल पर वह सुबह सात बजे कैंट साइड पहुंचे और पार्किंग में कार खड़ी कर दी। संजय को वापस भेज दिया लेकिन कार की चाभी नहीं दी। पार्किंग में एक दिन के लिए कार खड़ी करने की बात कह पर्ची ली थी। शाम को कार में शव मिलने की सूचना मिली।



जीआरपी के कार्यवाहक इंस्पेक्टर अर्पित तिवारी को बताया कि शाम को पार्किंग कर्मचारी ने कार में शव होने की सूचना दी थी। वहां गाड़ी में मिले कागजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चल सकेगा। किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
विज्ञापन


ससुराल के पते पर दर्ज है कार

निर्मल उपाध्याय का जिस कार में शव मिला वह 127/848 डब्ल्यू-1 साकेतनगर के पते पर दर्ज है। यह पता निर्मल की ससुराल का बताया जा रहा है। स्थायी पता भजनपुरा, काली मंदिर, न्यू दिल्ली -110053 लिखा है।



एक माह पूर्व एयरपोर्ट की पार्किंग में मिले थे बेहोश

पत्नी ने बताया कि पति की शराब की लत की वजह से उन्हें करीब एक माह पूर्व दिल्ली के सफदरगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 15 दिन वह वेंटिलेटर पर रहे। ठीक होकर निकले तो उन्हें फ्लाइट से जम्मू जाना था। उस वक्त भी पति कार से ही एयरपोर्ट गए और वहां भी पार्किंग में नशे की हालत में कार में बेहोश मिले थे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करा सूचना दी थी।



सुबह छह बजे वाली शताब्दी छूट गई थी



पत्नी राशि ने बताया कि ये सुबह 5:15 बजे दिल्ली के लिए निकले थे। छह बजे दिल्ली जाने वाली शताब्दी पकड़नी थी। स्टेशन देर से पहुंचने के कारण शताब्दी छूट गई थी। इस पर संजय और निर्मल दोनों काफी देर कार में बैठे रहे। इसके बाद संजय को भेज दिया। कहा था कि वह दूसरी ट्रेन से दिल्ली चले जाएंगे।



थाने के बाहर कार में शव, आरपीएफ को पता नहीं



यात्रियों की सुरक्षा का दमखम भरने वाली आरपीएफ थाने के बाहर करीब 12 घंटे तक कार में शव पड़ा रहा लेकिन पुलिस को पता भी नहीं चला। पार्किंग कर्मियों की सूचना पर आरपीएफ जवान आनन-फानन में आए और गाड़ी में मिले कागज से शिनाख्त कर निर्मल की बुआ के बेटे प्रवीण को सूचना दी।

वर्जन

अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार वाले भी कुछ खास जानकारी नहीं दे रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही जानकारी हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है। - दुष्यंत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, जीआरपी, कानपुर सेंट्रल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें