सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर में शनिवार रात को हैंडपंप मिस्त्री का शव कमरे के अंदर पंखे के कुंडे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए हैं।
लोदीपुर निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि छोटे भाई कुलदीप कुमार (27) अविवाहित थे। वह हैंडपंप मरम्मत का काम कर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करते थे। शनिवार रात को वह काम करके घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वह बरामदे में पड़े तख्त पर सो गए थे। रात एक बजे के करीब पिता केशराम लघुशंका के लिए जागे तो उन्हें भाई बिस्तर पर नहीं मिले। इस पर उन्होंने घर में भाई की तलाश की तो भाई का शव कमरे में पंखे के कुंडे में रस्सी के फंदे पर मिला। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंच गए।
अनहोनी पर कुलदीप की मां केशकली, भाई राजू, वेदप्रकाश रोने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गजनेर थानाध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।