फैक्टरी प्रबंधन से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद के लिए वार्ता करते पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारस
- फोटो : संवाद
कानपुर देहात। हाईवे पर शहजादपुर के पास सोमवार की रात वाहन की टक्कर से पैदल सड़क पार करते समय तीन युवकों की मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन दो श्रमिकों के शव लेकर जैनपुर स्थित फैक्टरी गेट पर पहुंचे। यहां पर देर शाम तक मुआवजे की मांग करते रहे। पूर्व सांसद के पहुंचने पर फैक्टरी प्रबंधन ने समय से सभी मदों का भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर आए।
अकबरपुर थाना के शहजादपुर निवासी उत्तम कठेरिया (42), शिवाकांत द्विवेदी (35) व जय सिंह (30) को कानपुर-इटावा हाईवे पर गांव के सामने कानपुर लेन की तरफ पैदल जाते समय वाहन ने टक्कर मार दी थी। काफी देर तक वह हाईवे पर पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
मंगलवार दोपहर को तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन उत्तम कठेरिया के शव को लेकर गांव चले गए। जबकि जामा फैक्टरी में काम करने वाले शिवकांत व जय सिंह के शव परिजन लेकर फैक्टरी जा पहुंचे। यहां पर परिवार के लोग शव गेट के बाहर रख मुआवजे की मांग शुरू कर दी। देर शाम तक परिवार के लोग गेट पर बैठे रहे। इधर काफी संख्या में लोगों के पहुंचने पर पुलिस बल भी जा पहुंचा।
इस बीच जानकारी पर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी पहुंचे। उन्होंने मौके पर अस्सिटेंट लेबर कमिश्नर को बुलाया। इसके बाद फैक्टरी प्रबंधन से मुआवजे को लेकर वार्ता की। इस दौरान फैक्टरी के जनरल मैनेजर ने जानकारी दी कि दोनों कर्मचारी ईएसआई व प्रोविडेंट फंड में पंजीकृत है। ईएसआई व प्रोविडेंट फंड और ग्रेच्युटी का भुगतान नियमों के अनुसार शीघ्र किया जाएगा। मां, पत्नी और बच्चों को हर माह ईएसआई से पेंशन मिलेगी। अधिकारियों की उपस्थिति में पूर्व सांसद ने अभिलेखों की जांच कराई। इसके बाद परिवार के लोग संतुष्ट हुए।
पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने बताया कि पीड़ित परिवार को एक सप्ताह के अंदर सभी मदों का भुगतान किया जाएगा। फैक्टरी प्रबंधन से परिवार के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए 50-50 हजार रुपये दिलाए गए हैं। उन्होंने उत्तम की पत्नी शीतला व शिवकांत के पिता हरीबाबू को ढांढस बंधाया। बताया कि जय सिंह के परिवार को ढांढस बंधाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। पीड़ित परिवार को जो भी उनके स्तर से मदद होगी कराई जाएगी। थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।