बजट के अभाव में अपने उत्पाद का प्रचार न करवा पाने वाले उद्यमियों के लिए अच्छी खबर। प्रदेश सरकार की पहल पर ‘बूस्ट योर बिजनेस’ प्रोग्राम के तहत छोटे उद्योगों का प्रचार प्रसार अब फेसबुक पर किया जाएगा।
प्रदेश सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल कंसल्टेंट मनप्रीत सिंह की अगुवाई में 12 सदस्यीय टीम सोमवार को कानपुर आ रही है।
फेसबुक संस्था नाम की यह टीम 15 से 18 फरवरी तक यहां के औद्योगिक प्रतिष्ठानों का भ्रमण करेगी। वहीं पर उनकी बिल्डिंग और उत्पादों की फोटो के साथ फेसबुक पर एक पेज बनाएगी। उद्यमी अथवा किसी कुशल व्यक्ति को पेज आपरेट करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इस पेज पर इंडस्ट्री का नाम, पता, बनने वाली वस्तुओं की सूची, उससे संबंधित जानकारी मसलन वजन, दाम और गुणवत्ता आदि की जानकारी भी रहेगी। ताकि कोई भी खरीदार उनसे सीधे संपर्क कर सके।
इसमें इंडस्ट्री और ट्रेड एसोसिएशन के लोगों को भी शामिल किया जाएगा ताकि वे अपनी एसोसिएशन से जुड़े उद्योगों का फेसबुक पेज बनाना सुनिश्चित कर सकें। साथ ही औद्योगिक विकास के लिए बनी सरकार की वेबसाइटों पर भी यह पेज दिखेंगे। 19 फरवरी को मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश के सिविल लाइंस स्थित सभागार में कार्यक्रम का समापन होगा।
उद्योगों की सूची तैयार
फेसबुक टीम को कानपुर महानगर के 3000 छोटे और मझोले उद्योगों की लिस्ट मिली है। यह टीम इनमें से उन उत्पादों को प्राथमिकता देगी जिनका टर्नओवर बहुत कम है और किसी भी स्तर पर प्रचार प्रसार नहीं होता। इसमें कानपुर की प्रसिद्ध वस्तुएं भी शामिल की जाएंगी।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
नोडल अधिकारी- शत्रुघ्न सिंह, एडीएम फाइनेंससहायक नोडल अधिकारी- अनिल कुमार, उपायुक्त जिला उद्योग एवं उद्यमिता प्रोत्साहन केंद्र
सूचना एवं प्रौद्योगिकी डिपार्टमेंट प्रिंसिपल कंसल्टेंट, मनप्रीत सिंह ने काह कि बड़े उद्योग तो टीवी, रेडियो, अखबारों के जरिए उत्पाद का प्रचार कर लेते हैं। छोटे उद्यमियों के पास इतना बजट नहीं होता। इसलिए फेसबुक के जरिए इन्हें लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उद्यमियों को ट्रेंड किया जाएगा कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाएं और देश और दुनिया के सामने अपना प्रोडक्ट रखें। -