पुखरायां। नगर के मीरपुर, मालवीय नगर, राजीव नगर में शरद पूर्णिमा पर सोमवार देर रात आचार्य ने टेसू-झेंझी का विवाह संपन्न कराया। नगरवासी टेसू की बरात में शामिल हुए। डीजे की थाप पर लोग जमकर थिरके।
मीरपुर की इंदिरा सचान की झेंझी और प्रांजुल सचान के टेसू का विवाह धूमधाम से कराया गया। नगरवासियों ने टेसू की बरात डीजे और ढोल ताशे के साथ निकाली गई। बरात मीरपुर, से मुख्य मार्ग से बस स्टॉप होकर वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। मालवीय नगर के पंडित अखिलेश शुक्ला ने टेसू-झेंझी का विवाह संपन्न कराया। संदीप गुप्ता एवं उनकी पत्नी सरस्वती गुप्ता, कपिल गुप्ता, वैशाली गुप्ता ने टेसू के पैर पूजे और सारी रस्में अदा की। आशीष यादव, नकुल सचान, प्रदीप कुमार गुप्ता मौजूद रहे। वहीं राजीव नगर व मालवीय नगर में भी सोमवार की देर रात टेसू व झेंझी का विवाह संपन्न कराया गया।
इधर, मूसानगर के किसान मोहाल में शरद पूर्णिमा पर टेसू झेंझी का परंपरागत तरीके से विवाह संपन्न हुआ। बैंड बाजों व ढोल-मजीरों की धुन पर बरात निकाली। किसान मोहाल के सुजीत, कमल, नवल, प्रदीप, आनन्द ने मिलकर टेसू झेंझी बरात धूमधाम से निकाली। महिलाओं ने मंगल गीत गाए। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ टेसू-झेंझी का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद प्रसाद वितरण किया गया।