कानपुर। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शनिवार को समग्र विकास कार्यों की बैठक में जिले में धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का पारा हाई हो गया। डूडा विभाग में तैनात एक आउटसोर्सिंग जेई केके दुबे की लापरवाही के कारण एक वर्ष पहले 178 सड़कों का टेंडर खुलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने पर नाराजगी जताई। बोले, अभी तक एक भी सड़क नहीं बनी और इस बार 105 और बनाने को मिल गईं। इस तरह ये काम कैसे होंगे।
नगर आयुक्त ने विभाग में कर्मचारियों की कमी का हवाला देते हुए कहा कि दो कर्मचारी तैनात हैं वह लखनऊ का भी कार्य संभाल रहे हैं। यूपीसीडा के आरएम आशीष नाथ के बैठक से अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण भी मांगा है। इसी तरह पुल, सड़कें, नगर निगम, नाला सफाई, पानी, जाम, बिजली आदि मुद्दों पर भी करीब तीन घंटे तक चर्चा की गई।
महापौर प्रमिला पांडेय ने जल निगम और मेट्रो पर हीलाहवाली का आरोप लगाया। बताया कि जल निगम खोदाई कर छोड़ देता है। पूरे शहर का यही हाल कर रखा है। कोई अफसर ध्यान नहीं देता है। मेट्रो के अफसर भी कोई सुनवाई नहीं करते हैं। इस पर महाना ने जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि एक सप्ताह में पुराने काम पूरे करें। मेट्रो के अधिकारियों को भी खोदी सड़कों को जल्द से बनाने के निर्देश दिए। वहीं शहर में बनाई जा रहीं सीएम ग्रिड की सड़कों के धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। कहा, एक साल से सीएम ग्रिड की सड़कें बन रहीं हैं सभी जगह खोदकर छोड़ दिया लेकिन अभी तक कहीं पर पूरा नहीं हो सका। इस पर महाना ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों को समय पर एक-एक सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, अध्यक्ष ने शहर में बन रहे पुलों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। कहा कि अगर किसी तरह की कोई समस्या आ रही है तो हमें तो बताएं लेकिन काम धीमी गति से और लापरवाही से करोगे तो बिल्कुल ठीक नहीं। मैं शासन को लिखकर भेजूंगा फिर कार्रवाई के लिए अफसर तैयार रहें। वहीं, महाना ने रामादेवी से गोलचाैराहा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड बनाने और जाजमऊ से एयरपोर्ट तक के रास्ते को जाम मुक्त करने के निर्देश दिए।
यू टर्न पाॅइंट की मानीटरिंग कर मांगी रिपोर्ट
जनप्रतिनिधियों ने शहर के कल्याणपुर क्राॅसिंग, कार्डियोलॉजी, हैलट, जरीबचौकी समेत अन्य चौराहों पर लगने वाले जाम को लेकर काफी नाराजगी जताई। विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस के अधिकारियों को यू टर्न वाले पाॅइंट के सर्वे करने के निर्देश दिए। कहा जहां-जहां घुमावदार कट के कारण ज्यादा जाम लगता है उसे अपने हिसाब से देखकर सही कराएं। इसकी रिपोर्ट हमें भी भेंजे। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्लान बनाएं।
बिजली कटौती पर जनप्रतिनिधि नाराज
गर्मी बढ़ते ही शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि बिजली कटौती लगातार हो रही है इसपर कोई सुधार नहीं हो रहा है। रात-रात भर बिजली गायब रहती है हेल्पलाइन नंबर उठता नहीं है। लोग फोन करते हैं लेकिन जेई का फोन ही नहीं उठता है। इसपर केस्को एमडी ने कहा कि लोड बढ़ गया है। कई पुराने ट्रांसफार्मर रखे हैं जो जल्द खराब हो जाते हैं। जिसकी वजह से कहीं न कहीं फ्यूज उड़ रहे हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए जल्द ही 100 मोबाइल ट्रांसफार्मर आ रहे हैं जिससे ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाएगी।
डोमनपुर सेतु की लंबाई होगी 1300 मीटर
गंगा नदी पर स्थित डोमनपुर सेतु की मॉडल स्टडी आईआईटी बीचयू ने किया है। इस सेतु की लंबाई 1000 मीटर से बढ़कर 1300 मीटर करने की संस्तुति की गई है जिसका प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। विधानसभा अध्यक्ष ने डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत ग्राम गोपालपुर, दौलतपुर व मोहीपुर में भूमि अधिग्रहण के तहत किसानों को उचित मूल्य दिलाने का निर्देश दिया। बताया कि इस संबंध में यूपीडा को पत्र भेजा गया है।
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
- हाथीपुर से तिवारीपुर जाने वाले पुल की ऊंचाई कम होने के कारण एक और नए पुल के निर्माण के दिए निर्देश।
- 15वें वित्त से शहर के 60 करोड़ से नाला और 60 करोड़ से सड़कों का होगा निर्माण।
- सरसौल स्थित सैमसी झील का सुंदरीकरण कराने और वहां पर केयर टेकर तैनात करने के लिए कहा।
- पार्कों में ट्रांसफार्मर रखने के लिए केस्को एमडी को निर्देश।
- सरायमीता में शुद्ध पेयजल न पहुंचाने पर जल निगम पर भड़के विधायक सुरेंद्र मैथानी। विधानसभा अध्यक्ष ने टैंकर से शुद्ध पानी भिजवाने के दिए निर्देश।
- मनमाने तरीके से स्मार्ट मीटर लगाने की शिकायत पर जताई नाराजगी।