यूपी के औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अधिकारियों ने अवैध खनन कर बालू ले जा रहे दस ट्रकों पर केस दर्ज कराया गया है। गुरुवार रात उपजिलाधिकारी रामजीवन, खनन निरीक्षक मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश नारायण पांडेय, कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह टोल प्लाजा अनंतराम पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी औरैया से इटावा की ओर जा रहे ट्रकों को प्रशासनिक अधिकारियों ने चेकिंग के लिए रोका।
चेकिंग देख कर कई ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़े हुए। बिना प्रपत्रों के बालू ले जा रहे दस ट्रकों को खनन निरीक्षक ने सीज कर दिया। खनन निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए ट्रकों में ट्रक चालक राघवेंद्र पुत्र प्रमोद कुमार निवासी नगला हरीसिंह थाना बरनाल जिला मैनपुरी, सफीक मुहम्मद पुत्र विक्की खान निवासी चैहरी थाना राया जनपद मथुरा, सोनपाल पुत्र गुलाब सिंह निवासी सोनिया थाना मगरौल जिला आगरा, उदयवीर पुत्र देवी सिंह निवासी मुकुंदपुर थाना हाईवे मथुरा, उधम सिंह पुत्र कल्यान सिंह निवासी गुनपर थाना धोलपुर राजस्थान, कालू यादव पुत्र रामस्वरूप निवासी पिलखर फतेह जनपद फिरोजाबाद हैं।
चार ट्रकों के चालक ट्रक छोड़कर भाग गये। ये चालक, बगैर अनुमति के खनन कर बालू ले जा रहे थे। इन पर वैध अभिवाहन प्रपत्र नहीं थे। उपजिलाधिकारी रामजीवन ने बताया कि अवैध तरीके से बिना प्रपत्रों के उप खनिजों के परिवहन कर रहे ट्रकों को पकड़ा गया है जिन पर खनन निरीक्षक मनोज कुमार द्वारा सीज की कार्यवाही की गई हेै।