कानपुर में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर परमट स्थित आनंदेश्वर और पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर के पट बुधवार से भक्तों के लिए बंद कर दिए गए हैं। भक्तों को गर्भगृह के द्वार के बाहर से ही बाबा के दर्शन करने होंगे। सिर्फ आरती के समय मंदिर के पट खुलेंगे पर भक्तों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कोरोना वायरस के मद्देनजर शहर के प्रमुख शिवालयों के पट बंद करने का निर्णय लिया गया है। इन शिवालयों के पट बुधवार यानी 18 मार्च से 22 मार्च तक बंद रहेंगे। इसके बाद जिला प्रशासन की अनुमति से मंदिर के पट खोले जाएंगे। परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर के पट मंगलवार की देर रात शयन आरती के बाद से बंद हो जाएंगे।
मंदिर के पट 22 मार्च तक बंद रहेंगे। महंत रमेशपुरी ने बताया कि मंदिर में रोज एक लाख भक्त आते हैं। ऐसे में सतर्कता रखना जरूरी है। वहीं, पी रोड स्थित बाबा वनखंडेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष रमेश दीक्षित का कहना है कि बुधवार की सुबह 8 बजे आरती के बाद पट बंद कर दिए जाएंगे।