इटावा। मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ शुक्रवार को हवाओं ने पारा गिरा दिया। सुबह से चली हवाओं के कारण लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई। गुरुवार की रात से चली ठंडी हवाओं के कारण शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। इस बीच अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो गुरुवार के मुकाबले एक डिग्री कम रहा।
पहाड़ी क्षेत्रों में चली रही ठंडी और पछुवा हवाओं से जिले का तापमान गिरने लगा है। दिन में मौसम साफ रहने के बावजूद शाम चार बजे से धूप गायब हो गई और धुंध छानी शुरू हो गई थी। शुक्रवार को दिनभर करीब आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलतीं रहीं। सुबह आठ बजे तक और शाम को सात बजे के बाद से रात तक दो पहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। शाम ढलने के बाद ठंड ओर बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में तेज धूप निकलेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंडक दिन ब दिन बढ़ती जाएगी। इसके साथ ही आगामी सप्ताह में ठंड का एहसास और बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होगी।