फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क के गड्ढे शिवपाल को बताएं

Sun, 13 Dec 2015 02:05 AM IST
पंकज प्रसून, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश के लोक निर्माण और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि शहर में किसी भी सड़क पर  यदि गड्ढे नजर आते हैं, तो उसकी शिकायत जनता सीधे उनसे कर सकती है।
विज्ञापन


शिकायत up.gov.in पर जाकर या उन्हें पत्र भेजकर की जा सकती है। उस शिकायत की जांच होगी। मामला सही पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होेंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहरों में गड्ढा मुक्त सड़क का संकल्प लिया है।

नगर निगम हो या लोक निर्माण विभाग सभी अधिकारियों को इस दिशा में चौकन्ना रहने को कहा गया है। वह शनिवार को एक कार्यक्रम भाग लेने के बाद डीएवी ग्रुप ऑफ कॉलेज के सचिव नागेंद्र स्वरूप के आवास पर अमर उजाला से बातचीत कर रहे थे।
विज्ञापन


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में नई सड़कों के निर्माण की योजना तैयार की गई है। यह काम फरवरी से शुरू होगा। इसमें शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी बेहतर किया जाएगा। गांवों के संपर्क मार्गों को मुख्य सड़क से जोड़ने का काम सरकार ने प्राथमिकता पर रखा है।

उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे की कुछ सड़कें जो प्रदेश सरकार के हिस्से में आती हैं, उनके निर्माण के लिए केंद्र से अभी तक धन नहीं मिला है। इसके लिए उन्होंने एक प्रपोजल भी केंद्र को भेजा है।

यदि स मय से धनराशि प्रदेश सरकार को मिल जाती है, तो बाकी सड़कों के साथ हाईवे की सड़कें भी ठीक करा दी जाएंगी। प्रदेश भर में विकास कार्य के लिए राज्य सरकार एक हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

आपराधिक घटनाओं पर भी जताई चिंता
लगातार हो रहीं आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई। कहा कि पुलिस की सुस्ती के खिलाफ एक्शन लिया गया है। जिस थाना क्षेत्र में वारदात बढ़ रही है, वहां कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार ने कहा है।

शिवपाल ने कहा कि प्रदेश में पुलिस फोर्स की कमी भी अपराधों के बढ़ने की एक वजह है। इसकी भरपाई भी जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशियों के घोषणा सप्ताह भर के अंदर कर दी जाएगी। इसके लिए सोमवार को प्रदेश स्तरीय बैठक है।

प्रदूषित शहरों की बात आने पर उन्होंने कहा कि लखनऊ में प्रदूषण दूर करने के लिए एक दिन में 10 लाख पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर डेढ़ साल में कुछ नहीं करने का आरोप लगाया।

‘बंद करना होगा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन’
कानपुर (ब्यूरो)। जितने भी प्राकृतिक संसाधन हैं, वे कम नहीं हैं, पर मनुष्य की बढ़ती भौतिकतावादी संस्कृति के सामने ये अब कम प्रतीत होने लगे हैं। अभी भी प्राकृतिक संसाधनों का दोहन बंद न हुआ तो मनुष्य को आने वाले समय में तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

चेन्नई की बाढ़, दिल्ली और चीन में दिन भर अंधेरा तो दस्तक मात्र है। ये बातें रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में ग्रामीण पर्यावरण, ऊर्जा एवं सतत विकास विषय पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कही। इसका आयोजन डीएवी कॉलेज के भूगोल विभाग ने किया था। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, कैबिनेट मंत्री उप्र सरकार शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। इस पर सरकार भी चिंतित है। हालांकि सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं।

हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक दिन में 10 लाख पौधे लगवाए थे। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों में सौर ऊर्जा आधारित बिजली योजनाएं लगाने पर विचार किया जा रहा है।

मुख्य वक्ता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डीन फैकल्टी आफ साइंस अब्दुल मुनीर ने कहा कि देश में छह लाख गांव हैं। यदि गांवों के पर्यावरण को सुरक्षित नहीं रखा गया तो शहरी जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल होगा।

विशिष्ट वक्ता दीनदयाल विश्वविद्यालय गोरखपुर के प्रोफेसर आरबी पटेल ने चेताया कि जिस तरह से आम शहरी जीवन जी रहा है, उससे न केवल पर्यावरण का बड़े पैमाने पर नुकसान हो रहा है बल्कि इससे गांव के पर्यावरण पर भी असर पड़ा है। अध्यक्षता छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेवी वैशंपायन ने की।

इस दौरान संयुक्त सचिव सचिव गौरवेंद्र स्वरूप, प्राचार्य डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. जेपी यादव, डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ.पीएस श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

चेहरा दिखाने के चक्कर में गिर पड़े
कानपुर। सपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को चेहरा दिखाने के लिए पार्टी नेताओं में ऐसी होड़ लगी कि कोई रास्ते में रखे गमले पर गिर गया तो कोई दरवाजे में ही फंस गए।

मौका था अष्टू बाबू (नागेंद्र स्वरूप) के आवास पर शिवपाल के भोजन का। इन नेताओं में ऐसे लोगों की संख्या अधिक थी, जो जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव, इसके बाद होने वाले नगर निगम चुनाव में टिकट पाना चाहते हैं। सबसे ज्यादा संख्या विधानसभा चुनाव के दावेदारों की थी।

कुछ नेता सुबह ही पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर पहुंच गए थे। कुछ डीएवी कालेज में कार्यक्रम के दौरान शिवपाल की उपस्थिति में मंच के इधर-उधर खड़े रहे। जैसे कार्यक्रम खत्म हुआ सभी एक साथ निकल पड़े और तेजी से अष्टू बाबू के घर की तरफ दौड़ लगा दी। लॉन का गेट संकरा होने की वजह से एक साथ सभी घुस नहीं पाए और गमले से टकराकर गिर गए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें