बेटे को पैरोल मिलने के इंतजार में शव का 40 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका। घरवाले वकील को साथ लेकर जिले के अफसरों और न्यायालय के चक्कर लगाते रहे। डीएम ने विचाराधीन बंदी होने से पैरोल देना अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। जबकि न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इसे जिला प्रशासन का मामला बताया। परिवार के अधिवक्ता महेंद्र कुमार ने बताया कि वह गुरुवार को हाईकोर्ट लखनऊ में अर्जी देंगे।
मालूम हो कि भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी की 75 वर्षीय दादी की सोमवार रात मौत हो गई थी। मृतका अपने बेटे (किशोरी के पिता) से हुई मारपीट के मुकदमे में सीबीआई की प्रमुख गवाहों में भी शामिल थी।