कानपुर देहात। कानपुर-इटावा हाईवे पर कुंभी के पास तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रही कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार एक किशोर की मौत हो गई। जबकि चालक व साथी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल साथी को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया।
लहरापुर निवासी कृष्ण कुमार उर्फ छोटू (18) पुत्र राजकुमार मंगलवार शाम को गांव के रेशू (24) के संग कार से अकबरपुर आ रहे थे। हाईवे पर कुंभी गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे कार डिवाइडर से रगड़ती हुई काफी दूर तक चली गई। हादसे में कार सवार घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि रेशू को सीने व सिर में गंभीर चोट आने के चलते उसको हैलट कानपुर नगर रेफर कर दिया। कृष्ण कुमार की मौत पर पिता राजकुमार, बहन रूबी, आकांक्षा व भाई श्रवण कुमार रोने लगे। अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।