उन्नाव के फतेहपुर चौरासी में घर से दो किमी दूर गंगा नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर गहराई में जाकर डूब गया। साथ गए दो दोस्तों के चिल्लाने पर आसपास खेत में काम कर रहे किसानों ने गंगा नदी में छलांग लगा किशोर को खोजने का प्रयास किया।
उसके न मिलने पर परिजनों को सूचना दी। किशोर के डूबने की सूचना पर परिजनों के साथ गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ नदी के पास जमा हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस शुक्लागंज से गोताखोर बुला किशोरी की तलाश कराई पर देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका।
माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना क्षेत्र के कटरी के गांव चिरंजूपुरवा निवासी शिवकुमार का पुत्र (13) शुभम मंगलवार को गांव के दोस्त शिवम व मनीष के साथ घर से दो किमी दूर गंगा नदी में स्नान करने पहुंचा। नहाने के दौरान शुभम गहराई में जाकर डूबने लगा।