कानपुर। महाराजपुर थानाक्षेत्र के करबिगवां रेलवे स्टेशन के पास पांडु नदी किनारे शुक्रवार शाम किशोर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
फतेहपुर के औंग थानाक्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी शिवबाबू के बेटे सितेश पासवान (16) की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। पिता ने बताया कि बेटा घूमते हुए कहीं हाईवे तो कहीं रेलवे स्टेशन की ओर अक्सर निकल जाता था। आशंका है कि वह गांव से जंगलों के रास्ते रेलवे लाइन किनारे होकर पहुंचा होगा। रेलवे ट्रैक पार करने में ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि परिजन का कोई आरोप नहीं है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।