कानपुर। दलित किशोरी को अगवा कर धर्मांतरण का दबाव बनाने वाले को सचेंडी पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। युवती को लेकर गुजरात गया था।
मूलरूप से बिल्हौर के एक गांव निवासी व्यक्ति सचेंडी में सपरिवार रहते हैं। उन्होंने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग बेटी आठ अक्तूबर को घर से घूमने की बात कहकर निकली थी लेकिन वापस नहीं लाैटी। आरोप लगाया कि बिल्हौर के रसूलपुर निवासी मेहराज ने उसे अगवा किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में थी। 16 अक्तूबर को पुलिस ने किशोरी को बिल्हौर से ढूढ लिया जबकि आरोपी मेहराज मौके से भाग निकला। उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने युवती पर धर्मांतरण का दबाव बनाया था। एसीपी पनकी शिखर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।