मौदहा कोतवाली क्षेत्र छिरका गांव में शुक्रवार दोपहर एक 13 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में लगे पेड़ से अपने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर से बाहर खेतों की तरफ बकरियां चराने गई थी।
खेत में पेड़ से लटकता मिला शव
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छिरका गांव निवासी राजू कुशवाहा की 13 वर्षीय पुत्री मुस्कान शुक्रवार दोपहर को रोज की तरह घर से बकरियां चराने के लिए खेतों की तरफ निकली थी। घर से जाने के कुछ ही देर बाद गांव के बाहर स्थित एक खेत में छिलुवा एक स्थानीय जंगली पेड़ के पेड़ से मुस्कान का शव उसके ही दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकता पाया गया।
आठ बहनों में पांचवें नंबर पर थी मुस्कान
मासूम बेटी की मौत से स्तब्ध पिता राजू कुशवाहा ने रोते-बिलखते हुए बताया कि मुस्कान उनकी आठ बेटियों में पांचवें नंबर की बेटी थी। वह गांव के ही एक सरकारी विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी और पढ़ने में होनहार थी।
मौदहा कोतवाली प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि छिरका गांव में एक 13 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मां से नाराजगी की बात सामने आ रही है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।