भारत में अब अत्याधुनिक तकनीकों के जरिए सब्जियों की खेती की जाएगी। इसके लिए ताइवान स्थित विश्व सब्जी केंद्र मदद करेगा। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) ने विश्व सब्जी केंद्र से इस बाबत शुक्रवार को समझौता किया है। समझौते के तहत दोनों संस्थानों के वैज्ञानिक मिलकर उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों की खेती पर शोध भी करेंगे।
सीएसए के कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन ने बताया कि विश्व सब्जी केंद्र के महानिदेशक डॉ. मारको बोवरेइस ने रिसर्च के साथ शैक्षणिक सहभागिता बढ़ाने की बात भी कही है। कहा कि नए शोध से भारत में किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
प्रो. सोलोमन ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की कास्ट प्रोजेक्ट तहत उनकी टीम में शोध निदेशक डॉ. एचजी प्रकाश, उपनिदेशक शोध डॉ. डीपी सिंह ने ताइवान स्थित विश्व सब्जी केंद्र के महानिदेशक डॉ. मारको बोवरेइस, डॉ. डेविड जानसन, डॉ. श्री निवास के साथ बैठक की।