कानपुर। सेंट थॉमस विद्यालय में दो दिवसीय सीआईएससी जोनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट का सोमवार से शुभारंभ हुआ। कानपुर टेबिल टेनिस संघ के सचिव संजय टंडन बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्हें खेल के महत्व को समझाया।
किदवई नगर स्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में टीम और एकल दोनों वर्गों में मुकाबले होंगे। इसमें अंडर 14, 17 व 19 आयु वर्ग के बालक व बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। सभी मुकाबले टीटीएफआई के निर्धारित नियमों के अनुसार होंगे।
दक्षिण क्षेत्र के नौ विद्यालय इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं, जिसमें सेंट थॉमस स्कूल, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, द चिंटल्स स्कूल, सुघर सिंह एकेडमी, स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल, यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय, मर्सी मेमोरियल स्कूल, नर्चर इंटरनेशनल स्कूल और वेंडी एकेडमी शामिल हैं। निर्णायक मंडल में आयुष पटेल, अगम मिश्रा, सिद्धार्थ सिंह, उत्तम चतुर्वेदी, यश तिवारी व सुनील यादव शामिल हैं।