कानपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से सहारनपुर में 11 से 13 अक्तूबर तक प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी। इसके लिए कानपुर टीम का चयन बुधवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में ट्रायल के आधार पर किया गया। टीम में प्रेक्षा तिवारी, मिष्ठी तिवारी, अवि, आराध्या कमल, नम, पंखुरी को स्थान मिला है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रायल कोच अभिसारिका यादव की देखरेख में हुआ।
नेशनल ओपेन एथलेटिक्स में संजीव और अल्का रेफरी
कानपुर। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आठ से 11 अक्टूबर तक 65वीं नेशनल ओपेन एथलेटिक्स चैंपियनशिप होगी। इसमें कानपुर के संजीव कुमार सिंह और अल्का पाठक रेफरी की भूमिका निभाएंगे। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने दोनों को इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल नामित किया है। संजीव ने 2025 में वर्ल्ड एथलेटिक्स की कांस्य स्तरीय परीक्षा पास की है। वह 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2025 साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी ऑफिशियल रह चुके हैं। अल्का रेस वॉक की कांस्य स्तरीय रेफरी हैं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।