कायमगंज। बिजली चोरी पकड़े जाने पर उसका वीडियो डिलीट करने को लेकर ग्रामीण उपभोक्ता ने टीम पर हमला कर दिया। अन्य ग्रामीणों ने टीम को बचाया। पुलिस ने टीम में शामिल टीजी 2 व दो लाइनमैन का मेडिकल परीक्षण कराया है।
बिजली विभाग के टीजी 2 मोहम्मद शाहिद के साथ लाइनमैन पंकज सिंह व ध्रुव सिंह गांव कैमापुर में नए कनेक्शन की जांच करने गए थे। वापसी में एक मकान में पोल से घर तक एक केबल पड़ी दिखी। दरवाजे पर मीटर न होने पर टीम ने मकान मालिक से पूछताछ की।
टीम ने पोल से पड़ी लाइन का वीडियो बना लिया। इस पर मकान मालिक व अन्य परिजन टीम से हुज्जत करने लगे। टीम पर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर कई लोग हमलावर होकर मारपीट करने लगे। चीखपुकार पर अन्य ग्रामीणों ने आकर बिजली कर्मियों को बचाया।
एसडीओ शमीम अंसारी व जेई विजय शंकर अन्य बिजली कर्मियों के साथ कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर जेपी पाल को सारा मामला बताया। पुलिस ने टीजी 2 शाहिद, लाइनमैन पंकज सिंह, ध्रुव सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया है। एसडीओ शमीम अंसारी ने बताया टीजी 2 की ओर से सरकारी काम मे बाधा डालने व मारपीट करने के आरोप में तहरीर दी गई है।