कानपुर। कक्षा में हर बच्चा एक जैसा नहीं होता। किसी की पढ़ाई में रुचि और समझने की क्षमता बेहतर होती है तो कोई अपनी भावनाएं आसानी से जाहिर नहीं कर पाता। कई बच्चे गुस्से और चिड़चिड़ेपन के जरिये अपनी परेशानी व्यक्त करते हैं। ऐसे में शिक्षक बच्चों की प्रतिभा पहचानने के साथ उनके व्यवहार को भी बेहतर ढंग से समझ सकें, इसके लिए आईआईटी कानपुर ने पहल की है।
आईआईटी कानपुर के क्यूट ब्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड और कानपुर देहात पुलिस के सहयोग से शिक्षकों और अकादमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) के लिए दो विशेष कार्यशालाएं आयोजित की गईं। आईआईटी के पायनियर बैच कंटिन्यूइंग एजुकेशन सेंटर में हुई कार्यशालाओं में पहली में बच्चों की बौद्धिक क्षमता के आकलन और दूसरी में क्रोध प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कानपुर देहात के विभिन्न विकासखंडों के एआरपी और शिक्षक शामिल हुए। खेल आधारित गतिविधियों और व्यावहारिक चर्चाओं के माध्यम से उन्हें बच्चों की सीखने-समझने की क्षमता पहचानने, गुस्से के कारणों का पता लगाने और उसके निवारण के तरीके बताए गए।
हर बच्चे की क्षमता पहचानने पर जोर
आईआईटी कानपुर के उप निदेशक प्रो. बृजभूषण ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों की याददाश्त, समझने की क्षमता और सीखने के अलग-अलग तरीकों को पहचानने की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य बच्चों की आपस में तुलना करने के बजाय उनकी व्यक्तिगत खूबियों और जरूरतों को समझकर उसी के अनुसार मार्गदर्शन देना है। वहीं क्रोध प्रबंधन सत्र में बच्चों के गुस्से और भावनात्मक व्यवहार को समझने के साथ कक्षा में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले एआरपी अपने-अपने ब्लॉकों के अन्य विद्यालयों के शिक्षकों तक भी यह जानकारी पहुंचाएंगे।
दो माह पहले हुआ था समझौता
यह पहल आईआईटी कानपुर, क्यूट ब्रेन्स और कानपुर देहात पुलिस के बीच दो माह पहले हुए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) का हिस्सा है। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी कानपुर के उप निदेशक प्रो. बृजभूषण, शोध एवं विकास के डीन प्रो. जयंधरन राव और राज्य संसाधन समूह के सदस्य अजय गुप्ता की मौजूदगी में हुआ।
यह दिए गए टिप्स
प्रो. ब्रजभूषण ने कहा कि शिक्षकों को समूह गतिविधि के माध्यम से गुस्से की पहचान करने के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया कि वह छात्रों के साथ कोई गतिविधि करें, छात्रों को स्वयं ही अपने व्यवहार में आने वाले बदलाव को पहचानने को कहें। उन बदलाव को कम करने पर छात्रों को स्वयं ही काम करना होगा। हालांकि शिक्षकों को भी गुस्सा कम करने की कुछ एक्सरसाइज बताईं गईं।