पुखरायां। शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाया जाएगा। कक्षाओं में पढ़ाई और अधिकारों की लड़ाई जारी है, जो निरंतर जारी रहेगी। ये बातें गुरुवार को पुखरायां स्थित जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र द्विवेदी ने कही।
बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने मंडलीय समिति की संस्तुति के बाद आरएसजीयू इंटर कॉलेज के प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी को संगठन का कार्यकारी मंडलीय अध्यक्ष कानपुर मनोनीत किया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र के संगठन में आ जाने से संगठन में नित्य नई ऊर्जा का संचार बना रहेगा। कानपुर मंडल के शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण में उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलता रहेगा। इससे शिक्षकहित एवं संगठनहित सबल होगा।
कहा एरियर भुगतान, जीपीएफ भुगतान, एलटी ग्रेड शिक्षकों के प्रवक्ता पद पर पदोन्नति, चयन वेतनमान या पदोन्नति वेतनमान के भुगतान में आने वाली समस्याओं से जूझ रहे शिक्षकों की सूची तैयार की है। बैठक में प्रादेशिक कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र भदौरिया, मंडल अध्यक्ष आरसी पांडेय, मंडल सह संयोजक पुष्पेंद्र कुमार, जनपदीय कार्यकारिणी के संरक्षक सुरेश मिश्र आदि मौजूद रहे।