कानपुर देहात। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की देहात इकाई के पदाधिकारी शुक्रवार को बीएसए से मिले। शिक्षकों ने लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग रखी। साथ अन्य समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।
जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला ने बीएसए आशीष कुमार पांडेय को बताया कि जनपद के विभिन्न विकास खंडों से शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित 195 लंबित प्रकरण संगठन को प्राप्त हुए हैं। इन प्रकरणों में समयमान/समयबद्ध चयन एवं प्रोन्नति वेतनमान, चयन वेतनमान, प्रथम नियुक्ति वेतन एवं एरियर, अवरुद्ध वार्षिक वेतन वृद्धि, एक दिन की वेतन कटौती के बाद वेतन बहाली, प्रतिकूल प्रविष्टि आदि है।
इसके अलावा वर्ष 2004 बैच के शिक्षकों को 17140 वेतनमान का लाभ, सर्विसबुक एवं अवकाशों का मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट आदि प्रमुख समस्याएं शामिल हैं। संगठन मंत्री अनंत त्रिवेदी ने एनपीएस एवं नियुक्ति तिथि से लंबित एनपीएस राज्यांश, जीपीएफ लेखा पर्ची एवं जनपद विभाजन से पूर्व के जीपीएफ लेजर में ब्याज सहित प्रविष्टियां, ग्रेड-पे आधारित एचआरए तथा बीईओ कार्यालय से प्रेषित एरियर को लेखा कार्यालय समयबद्ध तरीके से निस्तारण की बात कही।
महामंत्री सुनील कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की कि उक्त सभी प्रकरणों को प्राथमिकता एवं समयबद्धता के आधार पर 10 दिन के भीतर निस्तारित कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों एवं पटल सहायकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। जिससे शिक्षकों को उनकी सेवा शर्तों के अनुकूल लाभ मिल सके। इस पर बीएसए ने समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान कराने का आश्वासन दिया। यहां जिला कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष संतकुमार दीक्षित, जिला प्रवक्ता देवेंद्र तिवारी, जिला मंत्री अरुणेंद्र सिंह, प्रतिमा देवी, जिला मीडिया प्रभारी कंचन कामिनी आदि मौजूद रहे।