यूपी के हरदोई जिले में लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम असलापुर में आयोजित तिलक समारोह के दौरान लेनदेन के विवाद में शिक्षक की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से मौके पर दहशत फैल गई। मृतक के पुत्र ने पांच लाख रुपये के लेनदेन में दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गोली चलाने वाले युवक और उसके ससुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बूटामऊ निवासी सुरेश वर्मा उर्फ श्यामू (55) पुत्र नन्हूमल बावन ब्लाक के गांव बरवन में परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। रविवार रात वह पड़ोसी गांव असलापुर में कल्लू उर्फ मझिले के बेटे अवनीश के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ पुत्र अंबरीश भी था। रात 12 बजे तिलक चढ़ाए जाने के दौरान ही कल्लू के दामाद शिवम पुत्र मौलीराम निवासी ग्राम करनपुरदत्त थाना अमृतपुर जनपद फर्रुखाबाद ने तमंचे से सुरेश वर्मा के गोली मार दी। चेहरे पर गोली लगने से मौके पर ही सुरेश ने दम तोड़ दिया। घटना से अफरा-तफरी मच गई। मृतक के पुत्र अंबरीश ने घटना की सूचना परिजनों को दी। लोनार कोतवाल वीके शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की।
अंबरीश ने बताया कि कल्लू ने डेढ़ माह पूर्व उसके पिता सुरेश से 5 लाख रुपये खेत खरीदने के लिए उधार लिए थे। एक महीने के अंदर रुपये वापस देने की बात कही थी, लेकिन रुपये मांगने पर कल्लू आनाकानी करने लगा। आरोप है कि इसी रंजिश में सुनियोजित ढंग से तिलक समारोह में बुलाकर सुरेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शिवम और उसके ससुर कल्लू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।