वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मामले को हादसे का रूप देने के लिए ससुरालीजनों को पत्नी की सीढ़ियों से गिरकर मौत होने की झूठी खबर दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लव मैरिज के 9 साल बाद उजाड़ा घर
जानकारी के अनुसार, दिलीप सदर कोतवाली के नासिरपीर का निवासी है और बहुआ ब्लॉक में शिक्षक के पद पर तैनात है। उसने करीब 9 साल पहले शालिनी (29) के साथ लव मैरिज की थी। शालिनी भी शहर के एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षिका थी। दोनों का एक सात साल का बेटा भी है। सुबह जब शालिनी के मायके जखनी गांव से उसकी माँ फूलमती पहुँची, तो सच्चाई सामने आई।
मां का आरोप- दामाद का था अवैध संबंध
शालिनी की मां फूलमती ने बताया कि दामाद दिलीप ने सुबह फोन कर बेटी की सीढ़ियों से गिरने से मौत होने की खबर दी थी। लेकिन जब वे घर पहुँचीं, तो देखा कि बेटी के सिर और पैर में गहरे घाव के निशान थे और उसकी गड़ासे से काटकर हत्या की गई थी। फूलमती ने आरोप लगाया कि दिलीप का किसी अन्य महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिसका शालिनी लगातार विरोध करती थी। इसी विरोध के चलते उसने बेटी को रास्ते से हटा दिया।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना पर सीओ सिटी गौरव शर्मा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई गई है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।