कानपुर। बर्रा में बोगस कंपनी बनाकर 2.88 करोड़ की जीएसटी चोरी के आरोप में केके ट्रेडर्स फर्म के प्रोपराइटर सतेंद्र कुमार पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह रिपोर्ट राज्य कर अधिकारी गोपाल कृष्ण सारस्वत ने दर्ज कराई है। आरोप है कि सतेंद्र कुमार ने बोगस कंपनी बनाकर बर्रा के पते पर पंजीयन कराई और ओवरकोट का व्यापार दिखा कर चोरी की।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार आगरा के सुजानपुर चमरौला निवासी सतेंद्र कुमार ने 26 जून 2025 को केके ट्रेडर्स फर्म का पंजीयन कराया है। बर्रा के हिंद विहार इलाके के पते पर पंजीकृत इस फर्म में पुरुषों के ओवरकोट के व्यापार का दावा किया गया है। फर्म की ओर से 2.88 करोड़ की जीएसटी की चोरी की गई है। शक के आधार पर जीएसटी विभाग ने फर्म का सत्यापन कराया तो फर्जीवाड़े की पोल खुल गई। जिस पते पर फर्म दिखाई गई है वह उस इलाके में है ही नहीं। हालांकि, गूगल में पता सर्च करने पर वहां हार्डवेयर की दुकान दिखती है। यह दुकान इलाके में ही है लेकिन वहां से कुछ दूरी पर।
मौके पर इसका पता अलग निकला। वहां मिले युवक ने केके ट्रेडर्स या उसके प्रोपराइटर के बारे में जानकारी होने से इन्कार किया। फर्म के पंजीयन में दिया मोबाइल नंबर बंद मिला। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।