कानपुर। राज्य कर विभाग को फर्जी लेनदेन दिखाकर करीब 1.13 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। इसके बाद विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर डिप्टी कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की तहरीर पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने सर्वश्री मीना ट्रेडर्स के मालिक सर्जन मीणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दी तहरीर के मुताबिक 28 मई 2025 को पंजीकृत सर्वश्री मीना ट्रेडर्स ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6.28 करोड़ रुपये की आउटवर्ड सप्लाई दिखाई जबकि फर्म के स्थान पर कोई व्यवसायिक गतिविधि नहीं मिली। इसी आधार पर फर्म ने 1.13 करोड़ रुपये का आईजीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास-ऑन किया था।
जांच में खुलासा हुआ कि फर्म ने जिन सप्लायर्स से खरीद दिखाई उनके जीएसटी पंजीकरण पहले से निलंबित या निरस्त थे। इन फर्जी फर्मों के जरिये 2.36 करोड़ रुपये की इनवर्ड सप्लाई और 2.64 लाख रुपये का आईटीसी दावा किया गया। जब राज्य कर विभाग की टीम सर्वश्री मीना ट्रेडर्स के दर्ज पते पर पहुंची तो फर्म का कोई अस्तित्व नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां कभी कोई व्यापारिक गतिविधि नहीं देखी गई जिससे यह साबित हुआ कि पूरी फर्म कागजों पर संचालित की जा रही थी।
डिप्टी कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फर्म ने फर्जी खरीद दिखाकर अवैध आईटीसी अर्जित किया। उसी से टैक्स देनदारी समायोजित करके सरकार को करोड़ों का चूना लगाया। कल्याणपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।