बर्रा नहर पर वाल्व से निकलता पानी।
- फोटो : amarujala
कानपुर साउथ। जल निगम की ओर से गुरुवार को बैराज से साउथ सिटी तक टेस्टिंग में घटिया पाइप लाइन दो जगह से फट गई। तीन अन्य जगह पाइपों पर लगाए गए वाल्वों से लाखों लीटर पानी बह गया। पानी बहता देख तीन घंटे में टेस्टिंग बंद कर दी गई।
बैराज से सुबह 10 बजे साउथ सिटी में किदवई नगर तक बिछी पाइप लाइन की तीसरी टेस्टिंग की गई। एक घंटे बाद सचान चौराहे के पास नाले और बर्रा नहर के ऊपर पाइप पर लगे वाल्वों से प्रेशर से पानी बहने लगा। करीब 10 मीटर ऊंचाई तक फव्वारे उठते रहे। उमस भरी गर्मी में कई लोग वहां नहाने पहुंच गए। 12 बजे बारादेवी चौराहे के पास और 12:15 बजे बसंत विहार में पाइपों में लीकेजों के कारण पानी सड़क तोड़ते हुए बहने लगा। आसपास जलभराव होने पर जल निगम के अफसरों को सूचना दी गई। एक बजे टेस्टिंग बंद कराई गई, पर प्रेशर की वजह से शाम तक पानी बहता रहा।
माल रोड पर लीकेज से फिर धंसी सड़क
कानपुर (ब्यूरो)। पाइप लाइन में लीकेज की वजह से माल रोड के खेरेपति मंदिर के पास बुधवार रात सड़क धंस गई। गुरुवार को जल निगम ने शाम तक बैरिकेडिंग नहीं कराई। यह पाइप लाइन आठ महीने में 22 बार फट चुकी है। जल निगम ने आठ महीने पहले फूलबाग से माल रोड होते हुए तारघर रोड नवाब साहब का हाता तक पाइप लाइन बिछवाई है। रात में ही फूलबाग से मेघदूत तिराहा जाने वाली सड़क पर खेरेपति मंदिर के पास करीब ढाई मीटर व्यास का गड्ढा हो गया और उसके बगल से रोलेंड टॉवर की तरफ करीब तीन मीटर लंबाई एवं पौन मीटर चौड़ाई में सड़क धंस गई। हादसे की आशंका के मद्देनजर इलाकाई लोगों ने गड्ढे के पास बोर्ड लगा दिया। उधर, जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर बीके सिंह ने कहा कि जांच कराकर गड्ढा पटवाया जाएगा।