कानपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के 49 क्रय केंद्रों पर 59 हजार मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खरीद प्रक्रिया एक नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को सभी पात्र किसानों का धान नियमानुसार खरीदने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
डीएम ने सभी क्रय केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और धान परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य करने को कहा है। खाद्य विभाग को 43,500 मीट्रिक टन, पीसीएफ को आठ हजार, पीसीयू को छह हजार और भारतीय खाद्य निगम को 1500 मीट्रिक टन धान खरीदने की जिम्मेदारी दी गई है। खरीद के लिए 93,014 बोरों की गांठों की व्यवस्था की गई है। किसानों को पंजीकरण में भी राहत दी गई है। फार्मर आईडी वाले किसानों को पोर्टल पर अलग से पंजीकरण नहीं कराना होगा। अन्य किसान खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। यह पिछले साल से 72 रुपये अधिक है। खरीद संबंधी शिकायतों के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और राज्यस्तरीय टोल फ्री हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।