कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया ने बुधवार को फाउंडेशन लेवल की परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। कंपनी सचिव बनने के लिए पहली सीढ़ी वाली इस परीक्षा में कानपुर शहर की बेटी तान्या कथूरिया ने ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक हासिल की है। तान्या चकेरी (घाऊखेड़ा) निवासी एडवोकेट योगेंद्र कुमार कथूरिया की बेटी हैं। रतन विहार बारादेवी की शांभवी चतुर्वेदी की ऑल इंडिया नौंवी रैंक है। ऑल इंडिया टॉप-25 की लिस्ट में शहर के नौ स्टूडेंट शामिल हैं। इनमें सात लड़कियां और दो लड़के हैं।
कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया के कानपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएस कौशल सक्सेना ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कानपुर का परचम देश भर में लहराया है। कानपुर चैप्टर के कुल 68 फीसदी स्टूडेंटों ने फाउंडेशन लेवल में सफलता हासिल की है। कंपनी सेक्रेटरी बनने के लिए फाउंडेशन लेवल की परीक्षा हर साल जून और दिसंबर माह में कराई जाती है। कानपुर चैप्टर की ओर से इस बार 204 स्टूडेंट बैठे थे। इनमें से 138 पास हुए हैं। गत फरवरी माह में आए रिजल्ट में भी शहर की धाक थी। उसमें 65 फीसदी स्टूडेंट पास हुए थे, जबकि ऑल इंडिया रैंक में शहर के सात स्टूडेंट थे।
ये हैं शहर के ऑल इंडिया टॉपर
नाम स्थान रैंक
तान्या कथूरिया, चकेरी पहली रैंक
शांभवी चतुर्वेदी बारादेवी नौंवी रैंक
राशि कोठारी, काकादेव 10वीं रैंक
अमन खरे कल्याणपुर 18वीं रैंक
जया तिवारी बर्रा विश्वबैंक 19वीं रैंक
रूद्रांश मिश्रा 80 फीट रोड 22वीं रैंक
वैशाली सिंह विनायकपुर 24वीं रैंक
हर्षिता बजाज कैनाल रोड 25वीं रैंक
वैष्णवी शुक्ला शारदा नगर 25वीं रैंक