फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूरा कुनबा ले रहा समाजवादी पेंशन

Tue, 02 Jun 2015 01:24 AM IST
पंकज प्रसून, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शिवराजपुर ब्लाक  के ग्राम नदीहा बुजुर्ग के प्रधान नत्थू और उनका पूरा कुनबा समाजवादी पेंशन योजना का लाभ उठा रहा है। इतना ही नहीं इस गांव के 43 अन्य लोग भी गलत तरीके से पेंशन पा रहे हैं। जांच में यह मामला पकड़ा गया है। अब कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हालांकि पिछले एक साल से जितनी रकम प्रधान एंड फैमिली के खाते में जा चुकी है, उसकी रिकवरी कैसे होगी, इसका जवाब अधिकारियों के पास नहीं है।
विज्ञापन


पिछले दिनों सरकारी अधिकारियों की टीम ने जब ग्राम प्रधान और नदीहा बुजुर्ग गांव के पेंशन लाभार्थियों की जांच की तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। नदीहा बुजुर्ग के ग्राम प्रधान नत्थू के अलावा उनकी पत्नी शिव पियारी, बेटा राहुल और बहू सोनी को भी एक साल से समाजवादी पेंशन मिल रही है। नियम है कि एक परिवार में सिर्फ एक ही व्यक्ति को पेंशन का लाभ मिल सकता है। साथ ही जिस व्यक्ति को अन्य स्रोत से इनकम हो रही है, वह पेंशन का हकदार नहीं है।

प्रधान को शासन की तरफ से हर महीने ढाई हजार का मानदेय मिलता है, इसके बावजूद वह पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इतना ही नहीं, जांच में पता चला है कि नदीहा ग्राम के 121 समाजवादी पेंशन लाभार्थियों में से 43 फर्जी तरीके से पेंशन पा रहे हैं। इनमें किसी के पास कई बीघा जमीन है, तो कुछ नौकरी करते हैँ। एक दो तो ऐसे भी है, जिनके पास ट्रक भी हैं।
विज्ञापन


ग्राम नदीहा बुजुर्ग के ग्राम प्रधान नत्थू का कहना है कि भइया, हम सभी लोग समाजवादी पेंशन का फार्म भर दिए रहे, सोचा रहे कि निरस्त होई जाई। जब नहीं हुआ तो पेंशन लई रहै हैं। तीन बार तो जांच हुई रहै, ठीक है नाम काट दो और का बताई। जनतै हो भइया, प्रधान बनने के बाद बहुत लोग पीछे लग जात हैं, शिकायत करने लागत हैं।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शंभ कुमार ने बताया कि प्रधान और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को समाजवादी पेंशन मिलने की जानकारी मिली है। इसी तरह और लोेगों की जांच कराई जा रही है। जो लोग फर्जी तरीके से पेंशन ले रहे हैं, ऐसे सभी लोगों का खाता सीज किया जाएगा। अब समाजवादी पेंशन की अगली किस्त तभी जारी की जाएगी, जब सभी फर्जी लोगों की जांच कर ली जाएगी। इस मामले में अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी, जो इससे जुड़े हैं।
विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें