कानपुर देहात। कलक्ट्रेट के मां मुक्तेश्वरी सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने स्टाम्प, आबकारी, वाणिज्यकर, परिवहन, विद्युत, वन, खनिज तथा बाट-माप सहित विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली पर जोर दिया।
उन्होंने सभी विभागों को राजस्व वसूली के वार्षिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने को कहा। जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित राजस्व वादों, स्टाम्प वादों, ऑडिट आपत्तियों एवं बेदखली वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि राजस्व वसूली एवं वाद निस्तारण में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने एंटी भू-माफिया अभियान के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए। शासन के मंशानुरूप आईजीआरएस, तहसील दिवस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा जनप्रतिनिधियों के संदर्भों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। कहा शिकायत निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित किया जाए तथा फीडबैक प्राप्त किया जाए। जिससे निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। बैठक में एडीएम प्रशासन अमित कुमार समेत सभी तहसील के एसडीएम व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।