कानपुर। टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की चमक 31 जनवरी को शहर में देखने को मिलेगी। बर्रा स्थित केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में ट्रॉफी का भव्य स्वागत होगा। भारतीय टी-20 टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने इसी स्कूल से पढ़ाई की है। इस पल के साक्षी बनने के लिए शहर के क्रिकेट प्रेमी जुटेंगे।
आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है। टी-20 क्रिकेट के रोमांच को और बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व कप की ट्रॉफी को भारतीय खिलाड़ियों के शहरों में ले जाया जा रहा है। यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि ट्रॉफी का स्वागत केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में होगा।
स्कूल बैंड की आकर्षक धुनों के बीच ट्रॉफी की झलक दिखाई जाएगी। मौके पर कुलदीप यादव के परिवार के साथ ही अंडर-19 महिला व पुरुष विश्व कप में शहर का प्रतिनिधित्व करने वाले आदर्श सिंह और अर्चना देवी, पूर्व क्रिकेटर, युवा खिलाड़ी और कानपुर प्रीमियर लीग से जुड़े खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार टी-20 विश्व कप ट्रॉफी के शहर आगमन से कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।