कानपुर। ग्वालटोली पुलिस ने मां बेटे समेत तीन पर सरकारी शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 5.08 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया है। खलासी लाइन निवासी विजय कुमार की तहरीर पर प्रखर मिश्रा, मधु मिश्रा और सौरभ मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। विजय का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे बंधक बनाकर पीटा गया।
विजय के अनुसार, प्रखर और सौरभ ने उसे सरकारी शिक्षक की नौकरी का भरोसा दिया। उसने एफडी तुड़वाकर और कर्ज लेकर 5,08,050 रुपये यूपीआई के माध्यम से और नकद दोनों को दिए थे। विजय ने बताया कि 16 अगस्त को आरोपियों ने उसे बंद रखा। 23 अगस्त को कार में जान से मारने की धमकी दी। 12 सितंबर को आरोपियों ने उसके घर आकर मारपीट की और 3300 रुपये छीन लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (ब्यूरो)