नागरिकता संशोधन कानून पर सपा, बसपा व कांग्रेस ने जनता को गुमराह करने का काम किया है। सीएए का लाभ कश्मीरी पंडितों समेत पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से आने वाले अल्पसंख्यकों को भी मिलेगा। विपक्षी दल इसको लेकर राजनीति कर रहे हैं। अब जनता समझ चुकी है।
आने वाले समय में जनता विरोध की राजनीति करने वाले विपक्ष को सबक सिखाएगी। यह बात कन्नौज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने कही। वह शहर के बोर्डिंग मैदान में स्व. ओम प्रकाश पाठक की स्मृति पर आयोजित समरसता सेवा दिवस पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370, 35-ए, तीन तलाक, नागरिकता संशोधन कानून लाकर ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। यह निर्णय किसी जाति या परिवार के बारे में नहीं लिए गए हैं, बल्कि गरीबों व देश हित में लिए गए हैं। इसका सभी को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वंशवाद, जातिवाद, परिवारवाद की राजनीति नहीं करते हैं। इस मौके पर सांसद सुब्रत पाठक, पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, रसूलाबाद विधायक निर्मला शंखवार, पूर्व विधायक बनवारी लाल दोहरे, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन सरोज पाठक, देवेंद्र शाक्य समेत कई लोग मौजूद रहे।
वर्ष 2024 तक हर घर में होगी पानी की टोंटी
पूर्ववर्ती सरकारों ने गरीब जनता के लिए कोई काम नहीं किया। इसलिए जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया। गांवों में आज भी महिलाएं काफी दूर से पानी लेकर आती हैं। 2024 तक देश के हर घर में पानी की टोंटी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला, आयुष्मान, सामूहिक विवाह, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना समेत कई योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया जा रहा है।