बर्रा दो में 40 लाख रुपये से डेढ़ महीने पहले बनी नगर निगम की सड़क पर बुधवार को एक ट्रक धंस गया और स्कूल पर पलटने से बचा। स्कूल में उस वक्त बच्चे पढ़ रहे थे। शुक्र है कि ट्रक लगभग 70 डिग्री झुककर रुक गया वर्ना स्कूल पर ट्रक पलटने से बड़ा हादसा हो सकता था।
बाद में टेढ़े हुए ट्रक के किनारे बल्लियां लगाकर स्कूल के अंदर फंसे बच्चों को गोद ले लेकर बाहर निकाला गया। बच्चों के चेहरे पर दहशत साफ देखी जा सकती थी। मनोहर नगर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल के सामने दोपहर में मौरंग लेकर गुजरा ट्रक स्कूल गेट से बैक होकर मोड़ा ही जा रहा था कि तभी स्कूल गेट के ठीक सामने सड़क धंस गई और ट्रक का पिछला पहिया धंसी सड़क के अंदर चला गया।
ट्रक स्कूल गेट की ओर ही ऐसे झुका कि लगा कि अब गिरा कि तब गिरा। गेट के भीतर से बच्चों ने जब ट्रक को झुकते देख तो वे चीख पड़े। टीचरों के चेहरे भी फक पड़ गए। इलाकाई लोग दौड़े और तुंरत बल्लियों की टेक देकर ट्रक को उसकी जगह रोका और फिर स्कूल के स्टाफ की मदद से इलाकाई लोगों ने मानव श्ृंखला बनाकर बच्चों को एक-एक कर गोद लेकर बाहर निकाला। स्कूल प्रबंधक प्रांजुल का कहना है कि वे इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से करेंगे।